प्रेमनगर इलाके में डॉ.करुण गुप्ता का मंगलवार शाम छह बजे पर्स लूटकर भागते समय पकड़े जाने वाले नौवीं और दसवीं के तीन छात्र बड़े चेन स्नेचर निकले। उन्होंने डॉ.करुणा की पड़ोसन की चेन लूटने के साथ ही प्रेमनगर इलाके में कई पर्स और चेन स्नेचिंग की घटनाएं कबूल की हैं। पुलिस ने उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया है।
प्रेमनगर इलाके के पटेल नगर निवासी डॉ.करुणा गुप्ता का मंगलवार शाम छह बजे बाजार से लौटते समय बाइक सवार तीन लुटेरे पर्स लूटकर भाग निकले थे। महिला के शोर मचाने पर दौड़े कॉलोनी के दो लोगों ने राजेंद्र नगर में पीछा करके तीनों को पकड़ लिया था। इनमें दो नौवीं तो एक दसवीं का छात्र निकला। लोगों ने इन्हें पकड़कर प्रेमनगर पुलिस के हवाले कर दिया था। पूछताछ में तीनों ने कुछ दिन पहले ही डॉ.करुणा की पड़ोसन की चेन लूटना भी स्वीकार किया। बताया कि जब वह चेन लूटकर भागे थे, तब भी लोगों ने उनका पीछा किया था, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए थे। इसके अलावा प्रेमनगर में उन्होंने कई अन्य पर्स छीनने और चेन स्नेचिंग की वारदातें कीं। इस पैसे से वह मौजमस्ती करते थे।