Hold up the royal road in broad daylight
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शाही में बेखौफ लुटेरों ने दिनदहाड़े शेरगढ़ रोड पर खजुरिया चौराहे के पास बस रुकवाकर सराफ को नीचे खींचकर तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर से भरा थैला लूट लिया। विरोध पर लुटेरों ने तमंचे की बट और डंडा मारकर सराफ का सिर भी फोड़ डाला। लूटपाट के बाद बदमाश काली पल्सर बाइक से खजुरिया गांव की तरफ भाग गए। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने मौका मुआयना क र घटना के खुलासे के लिए दो टीमें गठित कर दीं। चार अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
कस्बा शाही के सराफ दिनेश रस्तोगी पुत्र हजारीलाल नगरिया सोबरनी गांव में सराफ का कारोबार करते हैं। दिनेश सोमवार और शुक्रवार की साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाते हैं। सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे बेटा राजेश बाइक से दिनेश को रम्पुरा चौराहे पर छोड़ गया। वह रम्पुरा चौराहे से शेरगढ़-बहेड़ी रूट की प्राइवेट बस पर सवार होकर नगरिया सोबरनी स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। उनके कपड़े के थैले में 50 ग्राम सोने और तीन किलो चांदी के जेवर भी थे। दिनेश के आसपास बैठे कुछ अन्य यात्रियों के चेहरे ढके हुए थे। इसी बीच 25-30 साल के दो लड़के भी बस में चढ़े थे। जैसे ही बस एक किमी दूर खजुरिया चौराहे पर ब्रह्मदेव स्थल पर पीपल के पेड़ और हनुमान प्रतिमा के पास पहुंची, संदिग्धों में से एक ने ड्राइवर इसरार विक्रमपुर की कनपटी पर तमंचा टेककर उसे गन प्वाइंट पर लेते हुए जबरन बस रुकवा ली। बदमाशों ने तमंचे की बट से सराफ के सिर पर हमला कर दिया। दूसरा लुटेरा बस की खिड़की खोलकर सर्राफ को नीचे की तरफ धकेलने लगा। चौराहे पर काले रंग की पल्सर बाइक लेकर पहले से ही घात लगाए खड़े दो नकाबपोश बदमाशों में से भी एक बस रुकते ही अंदर घुस आया और सराफ दिनेश के सिर में डंडा मारकर हाथों से जेवरात का थैला छीन लिया। चंद पलों में ही लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर चारों अज्ञात लुटेरे एक ही बाइक से खजुरिया गांव की तरफ भाग गए। लूट की संगीन वारदात की खबर से कस्बे के कारोबारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही एसओ कमल सिंह यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और लुटेरों की तलाश में घंटों कांबिंग करते रहे, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग सका। लूट के शिकार सराफ का शाही पुलिस ने 108 नंबर सरकारी एंबुलेंस से खिरका सीएचसी में मेडिकल कराया है। पीड़ित की तहरीर पर 50 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी के जेवरात से भरा थैला लूट ले जाने की एफआईआर चार अज्ञात लुटेरों के खिलाफ दफा 394 के तहत दर्ज करा दी है। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने बताया कि क्राइम ब्रांच के अलावा घटना का खुलासा करने के लिए थाने से दो टीमें बना दी हैं। दुकान पर आने वाले ग्राहकों की सूची बनाई जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि दुकान के आसपास कुछ संदिग्ध लोग तो नहीं है।
एसपी देहात ने दो टीमें बनाईं
फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर बस में लूट का खुलासा करने के लिए क्लू की तलाश की। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद अफसरों को रिपोर्ट दी। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने भी मौका मुआयना कर एसओ कमल सिंह और एसआई रामवीर सिंह के नेतृत्व में दो टीमें भी गठित कर दी हैं।
दो साल पहले सराफ की बीवी से भी हुई थी लूट
करीब दो साल पहले सर्राफ दिनेश रस्तोगी की पत्नी कमलेश रस्तोगी से भी लूटपाट की वारदात हो चुकी है। कमलेश पैदल रम्पुरा चौराहे की तरफ आ रही थीं। लुटेरे उनके हाथों से जेवरात से भरा थैला छीनकर भाग गए थे।