family-members-said-the-rupee-went-and-took-jewelry-kirayedarni
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
किरायेदारनी की खिलाई गई जहरीली बर्फी से बीमार हुए महेंद्र और उसके परिवार के सात सदस्य हालत में सुधार आने पर जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। घर पहुंची महेंद्र की पत्नी और बेटे ने किरायेदारनी पर दो लाख रुपये और जेवर लूटकर ले जाने का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस ने मोबाइल आदि सामान घर में ही मिल जाने का दावा किया है।
सुभाषनगर क्षेत्र के अनुपम नगर निवासी तांगा बुग्गी चालक महेंद्र यादव के घर सोमवार रात आठ बजे उसके घर में किराये पर रही गौरी उर्फ अनीता नाम की महिला आई थी। उसने परिवार के सात सदस्यों को जहरीली बर्फी खिला दी थी, जिससे सबकी हालत बिगड़ गई थी। बर्फी खिलाने के बाद गौरी रात में ही चली गई थी, जबकि मंगलवार सुबह बेहोश सातों लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां देर रात उनके स्वास्थ्य में सुधार हो जाने पर जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। बुधवार को महेंद्र की पत्नी पंचमी देवी और बेटे मझले ने बताया कि उनके घर के ऊपर बन रहे दो मंजिल भवन के निर्माण के लिए संदूक में दो लाख रुपये और दो सोने के जेवर रखे थे, जिन्हें गौरी लूट ले गई। उधर, इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि महेंद्र के घर पर मोबाइल आदि सारा सामान मिल गया। अगर पैसा लूटकर ले जाने की बात कही जा रही है तो गौरी के पकड़ने पर उससे बरामदगी की जाएगी। उसकी तलाश की जा रही है।
ऋषिपाल से की गई पूछताछ
जलालाबाद (शाहजहांपुर) के नौगवा हरपुर निवासी ऋषिपाल को सुभाषनगर पुलिस ने बुधवार को थाने बुलाया और उससे पूछताछ की। ऋषिपाल ने बताया कि गौरी को सुभाषनगर में रहने वाली उसकी बेटी ने महेंद्र के घर कमरा दिलाया था। बस वह इतना ही जानता है। गौरी अब कहां गई यह पता नहीं।