बच्चे को बीच गली में बैठाकर बाल काटने पर दो पक्षों में रविवार को बवाल हो गया। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। जिसमें आठ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की एनसीआर दर्ज कर एक एक व्यक्ति का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया है। बारादरी इलाके के मोहल्ला हजियापुर निवासी नेमचंद्र के घर के बराबर से एक पतली गली अंदर की ओर जाती है। इसी गली में शंकरलाल का परिवार भी रहता है। रविवार दोपहर के समय नेमचंद्र का बेटा आकाश अपने आठ साल के भांजे को घर के बाहर बीच गली में बैठाकर बाल काट रहा था। जिससे गली पतली होने के कारण रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। यह देख शंकर लाल के लड़के ने बीच गली में बच्चे को बैठाकर बाल काटने का विरोध किया। इस पर दोनों में कहासुनी हुई और दोनों ही पक्षों के लोग घरों से निकल आए। जमकर मारपीट हुई। जिससे मोहल्ले में हंगामा हो गया और काफी भीड़ लग गई। दोनों ओर से मारपीट में घायल हुए शंकर लाल, विमला, रोहित, सुरेश, आकाश, अभिजीत, शिवा और कमला का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही मौके से पकड़े गए आकाश और रोहित का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया।