फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंवला के भाजपा विधायक की नौ भैंसे ले गए तस्कर

Wed, 24 Jun 2015 01:42 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
 रामपुर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां की भैंसें तो चोर चुपके से ले गए थे लेकिन आंवला के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री धर्मपाल सिंह की नौ भैंसें हथियारबंद बदमाश डकैती डाल कर ले गए। मामला चोरी में दर्ज हुआ है। विधायक का कहना है कि सिरौली थाने के गांव झाऊनगला स्थित उनके फार्म हाउस पर सोमवार की रात लगभग 11 बजे दर्जन भर हथियारबंद बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाया और भैंसे ले गए।  विधायक का कहना है कि पशु तस्करों के खिलाफ अभियान चलाने पर तस्करों ने उन्हें चुनौती देते हुए यह वारदात की है। उन्होंने कहा कि जैसे आजम खां की चोरी हुईं भैंस बरामद कर ली गईं, वैसे ही पुलिस के लिए उनकी भैंस भी बरामद करे। यदि जल्द बरामदगी नहीं हुई तो वह विधानसभा में  यह मामला उठाएंगे।
विज्ञापन

विधायक धर्मपाल भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी हैं।  दस दिन पहले 60 बैल उन्होंने बरामद कराए थे, उनका कहना है कि तब पशु तस्करों ने उन पर फायरिंग भी की थी, मगर वह बच गए थे। सोमवार को भी उन्होंने गैनी में पांच गाय पकड़वाई थीं। इसी वजह बदमाशों ने फार्म हाउस पर पहुंचते ही चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद वे दस में से नौ भैंस ले गए, एक कैसे छूट गई, यह नहीं पता। नौ भैंस वे वहां से पैदल ही लेकर गए, संभवत: आगे कोई वाहन रहा होगा। विधायक ने अंदेशा जताया कि रामगंगा होते मीरगंज के रास्ते उनकी भैंस ले जाई गई हैं।
इस मामले में पुलिस ने विधायक के भाई मानसिंह की ओर से  मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें कहा गया है कि चौकीदार को बंधक बनाकर बदमाश उनकी भैंस ले गए। कोतवाल राजवीर सिंह यादव ने इसे चोरी का मामला बताते हुए कहा कि थाने की सारी फोर्स लेकर पूरी रात चोरों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाते रहे, लेकिन चोर नहीं मिले।  विधायक के फार्म हाउस पर फाटक, गेट या मजबूत बाउंड्री नहीं होने से चोर आसानी से भैंस ले जाने में कामयाब रहे, फिर भी पुलिस सरगर्मी से भैंसों की तलाश कर रही है। उनका कहना है कि जल्द ही चोर पकड़ में होंगे। भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि अगर इस मामले में पुलिस ने जल्द कोई कार्रवाई नहीं की तो इस मामले को आगे तक ले जाया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें