रामपुर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां की भैंसें तो चोर चुपके से ले गए थे लेकिन आंवला के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री धर्मपाल सिंह की नौ भैंसें हथियारबंद बदमाश डकैती डाल कर ले गए। मामला चोरी में दर्ज हुआ है। विधायक का कहना है कि सिरौली थाने के गांव झाऊनगला स्थित उनके फार्म हाउस पर सोमवार की रात लगभग 11 बजे दर्जन भर हथियारबंद बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाया और भैंसे ले गए। विधायक का कहना है कि पशु तस्करों के खिलाफ अभियान चलाने पर तस्करों ने उन्हें चुनौती देते हुए यह वारदात की है। उन्होंने कहा कि जैसे आजम खां की चोरी हुईं भैंस बरामद कर ली गईं, वैसे ही पुलिस के लिए उनकी भैंस भी बरामद करे। यदि जल्द बरामदगी नहीं हुई तो वह विधानसभा में यह मामला उठाएंगे।
विधायक धर्मपाल भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी हैं। दस दिन पहले 60 बैल उन्होंने बरामद कराए थे, उनका कहना है कि तब पशु तस्करों ने उन पर फायरिंग भी की थी, मगर वह बच गए थे। सोमवार को भी उन्होंने गैनी में पांच गाय पकड़वाई थीं। इसी वजह बदमाशों ने फार्म हाउस पर पहुंचते ही चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद वे दस में से नौ भैंस ले गए, एक कैसे छूट गई, यह नहीं पता। नौ भैंस वे वहां से पैदल ही लेकर गए, संभवत: आगे कोई वाहन रहा होगा। विधायक ने अंदेशा जताया कि रामगंगा होते मीरगंज के रास्ते उनकी भैंस ले जाई गई हैं।
इस मामले में पुलिस ने विधायक के भाई मानसिंह की ओर से मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें कहा गया है कि चौकीदार को बंधक बनाकर बदमाश उनकी भैंस ले गए। कोतवाल राजवीर सिंह यादव ने इसे चोरी का मामला बताते हुए कहा कि थाने की सारी फोर्स लेकर पूरी रात चोरों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाते रहे, लेकिन चोर नहीं मिले। विधायक के फार्म हाउस पर फाटक, गेट या मजबूत बाउंड्री नहीं होने से चोर आसानी से भैंस ले जाने में कामयाब रहे, फिर भी पुलिस सरगर्मी से भैंसों की तलाश कर रही है। उनका कहना है कि जल्द ही चोर पकड़ में होंगे। भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि अगर इस मामले में पुलिस ने जल्द कोई कार्रवाई नहीं की तो इस मामले को आगे तक ले जाया जा सकता है।