लड़की से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में चल रही रंजिश की आग में शुक्रवार को करेली गांव सुलग उठा। लड़की के भाई से मारपीट के बाद दो गुटों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव और फायरिंग होने लगी। उपद्रवियों ने दो बाइकें फूंक दीं। बवाल में लड़की के भाई समेत दोनों पक्षों के चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लड़की के दो भाइयों समेत दोनों पक्षों के 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया गया है।
सुभाष नगर थाना क्षेत्र के करेली गांव में रहने वाले इसरार की बहन से पड़ोस के ही मोहम्मद उमर के कारखाने में काम करने वाला मंजीत शादी करना चाहता था मुहल्ले के कुछ लोग भी उसका साथ दे रहे थे। आरोप है कि 15 अप्रैल को मंजीत ने इसरार के घर के सामने खड़े होकर उसकी बहन पर फब्तियां कसीं। विरोध करने पर मंजीत ने अपने कारखाना मालिक मोहम्मद उमर, उनके साथी मद्दा की मदद से लड़की के भाई की पिटाई कर दी थी। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मामले में इसरार की तरफ से मुकदमा दर्ज करने के बाद मद्दा और मंजीत को जेल भेज दिया था। मोहम्मद उमर को घर में शादी होने की वजह से गांव के जिम्मेदार लोगों की पैरवी पर पुलिस ने थाने से ही छोड़ दिया था। चार दिन पहले उमर थाने में शिकायत कि इसरार की कि इसरार और उसके भाई अबरार ने उसे डंडा मारकर जख्मी कर दिया। उसने अपने हाथ में लगी चोट भी पुलिस को दिखाई। पुलिस ने मामला एनसीआर में दर्ज तो किया लेकिन फर्जी बताकर ध्यान नहीं दिया। इसके अगले ही दिन यह बात इसरार को मालूम हुई तो उसने पड़ोस के गांव मिलक से मंजूर उर्फ मंजूरा को बुला लिया। मंजूर का पुलिस के पास उठना-बैठना था। मंजूर ने दोनों पक्षों में फैसला करा दिया। शुक्रवार की सुबह इसरार घर से दुकान के लिए निकला तो मंजीत ने फिर उस पर टिप्पणी कर दी। विरोध किया तो मंजीत ने अपने साथियों की मदद से क्यारा ब्लाक के सामने इसरार की पिटाई कर दी। इस पर इसरार ने फोन करके मंजूर को बुला लिया। मंजूर अपने गांव के ही अनीस को लेकर पहुंचे तो मोहम्मद उमर उनके चाचा भूरा, पाशा और मंजीत कारखाने के सामने खड़े थे। मंजूर और अनीस ने आकर उमर और भूरा से बात करनी शुरू की तो गरमा गरमी के बाद मारपीट होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि पथराव के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने अवैध असलहों से फायरिंग शुरू दी। भूरा के जांघ में और अनीस के सीने में और मंजूर के पैरों में छर्रे लगे हैं। अनीस और मंजूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि भूरा का बदायूं रोड के ही एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मारपीट में लड़की का भाई इसरार भी चोटिल हुआ। सीओ द्वितीय धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि लड़की पर फब्तियां कसने को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से बलवा जानलेवा हमला और आगजनी में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लड़की के भाई अबरार, इसरार और दूसरे पक्ष के चांद बाबू को गिरफ्तार कर लिया है।