सरिया कारोबारी के ड्राइवर से तीन बाइकों पर सवार छह लुटेरों ने 21.55 लाख रुपये लूट लिए। ड्राइवर दुकान से कैश एक बैग में रखकर कारोबारी के घर पर रखने जा रहा था तभी यह सनसनीखेज वारदात गांधी नगर के पुरानी रेलवे क्रासिंग पर हुई। बदमाश ड्राइवर की पिटाई करने के बाद कार का शीशा तोड़कर उसमें पीछे की सीट पर रखा बैग लूटकर भाग गए। खुलेआम बड़ी लूट से पुलिस में खलबली मच गई, वहीं काफी संख्या में व्यापारी थाने पहुंच गए। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने एक महीने पहले निकाले गए ड्राइवर समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रेमनगर इलाके के जनकपुरी निवासी रोहित गुप्ता सरिया कारोबारी हैं। उनकी दुकान कोहाड़ापीर के पास दुकान है। सोमवार की रात आठ बजे रोहित ने गुलाबनगर निवासी अपने ड्राइवर धर्मवीर को नैनो कार से 21.55 लाख रुपये लाल रंग के पिट्ठू बैग में रखकर घर रखने भेजा था। कार के आगे उनका लेखाकार रचित त्रिपाठी निवासी गढ़ी चौकी चल रहा था। गांधी नगर स्थित पुरानी रेलवे क्रासिंग के पास कार पहुंचते ही सामने दो बाइक से खडे़ चारने रास्ता घेर लिया और पीछे से एक बाइक से दो लोग और आ गए। बाइक सवार बदमाशों ने कार रोककर ड्राइवर से कैश भरा बैग मांगा। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया। इसी दौरान बदमाश कार के पीछे का शीशा तोड़कर सीट पर रखा कैश से भरा बैग लूट ले गए और ड्राइवर को पीटकर रोड किनारे डाल गए। शोर मचाने पर आगे चल रहा लेखाकार रचित लौटकर आया और घटना की जानकारी मालिक रोहित गुप्ता को दी। मौके पर एसपी सिटी के साथ तमाम अफसर पहुंच गए। कारोबारी ने एक महीने पहले दारू पीने के आरोप में निकाले गए सुर्खा निवासी अहमद पर शक जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार अहमद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
00
वैसे तो मेरे यहां चार ड्राइवर हैं। हर दिन किसी न किसी को दुकान से घर पर कैश लेकर भेजता हूं। मंगलवार को मैंने लाल रंग के पिट्टू बैग में 21.55 लाख रुपये रखकर ड्राइवर धर्मवीर को नैनो कार से घर भेजा था। गांधीनगर में पुरानी रेलवे क्रासिंग के पास तीन बाइक पर सवार छह लोगों ने कार को घेरकर ड्राइवर पर हमला बोल दिया और कार के शीशे तोड़कर कैश से भरा बैग लूट ले गए।
-रोहित गुप्ता, मालिक रोहित इंटरप्राइजेज
00
कारोबारी के ड्राइवर को पीटने के बाद कार का शीशा तोड़कर 21.55 लाख की लूट हुई है। एक महीने पहले दारू पीने के आरोप में निकाले गए ड्राइवर अहमद और पांच अज्ञात के खिलाफ कारोबारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे को प्रेमनगर के अलावा बारादरी इंस्पेक्टर और क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश भी दी है।
- राजीव मल्होत्रा, एसपी सिटी