परीक्षा ड्यूटी के दौरान एक शिक्षक को छात्रा के साथ छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया। घटना के समय मौके पर मौजूद छात्रों ने शिक्षक को पकड़ लिया और जमकर पीटा। छात्रा से माफी मांगने पर शिक्षक की जान छूटी।
सोमवार को पहली पाली में बीए प्रथम वर्ष का पेपर था। गन्ना उत्पादक महाविद्यालय में परीक्षा ड्यूटी में लगे गुरसौली गांव के एक टीचर ने कक्ष संख्या 25 में पेपर दे रही छात्रा से अपने प्रेम का इजहार किया। मगर छात्रा ने अनसुना कर दिया। पेपर छूटने पर कमरे से निकल रही छात्रा को शिक्षक ने छेड़ दिया। इससे गुस्साए छात्रों ने शिक्षक को पकड़ लिया और जमकर पीटा। मारपीट में शिक्षक के कपड़े फट गए। एक पैर का जूता भी गायब हो गया। इसका पता लगने पर पहुंचे कॉलेज के प्रोफेसरों किसी तरह छात्रों से शिक्षक को बचाया। शिक्षक को सबके सामने छात्रा के पैर छूकर माफी मांगना पड़ी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। शिक्षक कॉलेज के पिछले गेट से चुपचाप बाइक लेकर खिसक लिए। कॉलेज प्राचार्य डॉ. नागेश्वर प्रसाद शुक्ला ने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया। मगर कालेज के छात्रों में इसकी खासी चर्चा रही। कॉलेज सूत्रों के मुताबिक मामला शांत होने के बाद कालेज के प्रोफेसरों ने आरोपी शिक्षक को जमकर डांटा और परीक्षा ड्यूटी करने पर रोक लगा दी।