युवक की हत्या करने के बाद लाश बोरे में बांधकर नदी में फेंक दी गई। मरने वाला कौन है इसका शाम तक पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बृहस्पतिवार सुबह पचतौर गांव वालों ने गोरा नदी में बोरा पड़ा देखा, जिससे बदबू निकल रही थी। नदी में पानी न होने से बोरे पर मक्ख्यिां भिनक रही थीं। ग्रामीणों की सूचना पर एसआई धीरज शुक्ला ने मौके पर जाकर देखा तो बोरे में 30-35 साल के व्यक्ति की लाश निकली। पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी बुला लिया। युवक का रंग गोरा, हाथ में घड़ी नीली जींस की पैंट, शर्ट, काली धारीदार सैंडो बनियान कत्थई नेकर और जूते पहने था। पैंट की जेबें पलटी हुई थीं। मानों जेबों की तलाशी ली गई हो। मृतक की नाक में रूई से ठुसी हुई थी। खून से सने दो पुराने नेकर और एक लाल कपड़ा पास में पड़ा था। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई होगी। शव यहां लाकर फेंक दिया गया। कपड़े और रूई का इस्तेमाल खून रोकने के लिए किया होगा। गले में रस्सी के निशान है। रस्सी करीब दो मीटर दूर पड़ी थी। उसी से युवक का गला घोंटा गया होगा। पुलिस ने आसपास के गांवों में सूचना भेजकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।