हजियापुर और एजाज नगर गौटिया से चार मासूम बच्चों के अपहरण की कोशिश करने वाले बरेली के ‘कोली’ विजय के खिलाफ बारादरी थाने की पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने विजय को बच्चों के अपहरण करके भागने के दौरान पकड़े जाने की लिखा पढ़त की थी। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक विजय मौजूदा समय में भी जेल में हैं। उसके परिवार ने भी केस की पैरवी नहीं की है। नवादा शेखान के विजय ने पहले हजियापुर से मासूम बच्ची निशा को अगवा किया था। यहां से करीब एक किलोमीटर दूर मोहल्ला एजाज नगर गौटिया में घर के बाहर खेल रहे फैज, जैनब और जोया को टॉफ ी का लालच देकर अपने साथ लिया था। वह बच्चों को लेकर करीब 500 मीटर दूर जा सका था कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने बच्चों को पहचानकर उसको पकड़ लिया था। लोगों ने पहले विजय की पिटाई की थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि भीख मंगवाने वाले एक गिरोह के लिए विजय बच्चों का अगवा कर रहा था, लेकिन शातिर बदमाश से पुलिस गिरोह के लोगों के नाम नहीं उगलवा सकी थी। जिसके बाद उसको जेल भेज दिया गया था।