बारादरी इलाके में भाजपा पार्षद के मौसेरे भाई अजीत के घर बुधवार रात में चल रही बच्चे की बर्थ डे पार्टी में आए कुछ शरारती तत्वों ने जमकर फायरिंग कर दी। ताबड़तोड़ करीब 40 फायर किए गए। कुर्सी, मेज और गाड़ियां भी तोड़ दी गईं। जिससे भगदड़ मच गई। फायरिंग की चपेट में आकर एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायल खुद ही जिला अस्पताल पहुंच गए।
बारादरी इलाके के माधोबाड़ी निवासी अजीत वार्ड नंबर दस के पार्षद अजय रत्नाकर के मौसेरे भाई हैं। उनके बेटे की बुधवार रात बर्थ डे पार्टी चल रही थी। रात करीब दस बजे पार्टी में जाटवपुरा का अजय नाम के युवक के साथ चार शरारती लड़के आ गए और खुशी की बात कहते हुए फायरिंग करने लगे। ताबड़तोड़ 40 फायर किए गए। कुछ हवाई तो कुछ दीवारों से टकराए। फायरिंग में 26 वर्षीय अजीत के अलावा शाहबाद के रहने वाले उसके चाचा सर्वेश, पार्षद का 16 वर्षीय निखिल और 21 वर्षीय सुजाता पत्नी चंदन घायल हो गईं। करीब आधे घंटे तक बवाल चलता रहा। जिससे कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। शरारती तत्वों ने फायरिंग करने के साथ ही खाना और सामान भी फेंक दिया। सारा सामान इधर, उधर बिखर गया। कुर्सी मेज के अलावा गाड़ियां भी तोड़ दीं। कई लोग जान बचाने को घर में दुबक गए। साथ ही कुछ लोगों ने साहस जुटाकर फायरिंग करने वालों को मुंह तोड़ जवाब देते हुए ललकार दिया। जिससे वह भाग गए। फायरिंग में घायल हुए चारों लोग खुद ही अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कमरुल हसन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फायरिंग करने वालों की तलाश की जा रही है। घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैैं। वह जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इंस्पेक्टर के मुताबिक शराब पीकर झगड़ा करने के बाद शरारती तत्वों ने फायरिंग की है।