बरेली। एटीएम से रकम निकालकर घर जा रहे छात्र से बाइक सवार चार बदमाशों ने दस हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर उसके सिर पर तमंचे की बट मार दी और फरार हो गए। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। कैंट के सदर बाजार निवासी मोहम्मद अनीस बरेली कॉलेज में एमए फाइनल ईयर का छात्र है। सोमवार दोपहर साढ़े बारह बजे अनीस ने सेना अस्पताल के सामने स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से दस हजार रुपये निकाले और घर की तरफ चल दिया। रास्ते में बाइक सवार दो युवक उसके पास आकर रुके और जेब से दस हजार रुपये निकाल लिए। इनमें एक युवक सेना का ट्रैक शूट पहने था। अनीस ने विरोध किया तो एक बाइक से उनके दो और साथी आ गए। अनीस की पिटाई कर एक लुटेरे ने उसके सिर पर तमंचे की बट मार दी। अनीस ने बताया कि उसने घटना की तहरीर कैंट थाने में दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।