Attack on electricity checking team, made mortgage
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बिजली बिल बकाया वसूली और कनेक्शन चेकिंग के लिए टीम रविवार को जाटवपुरा पहुंची टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया और कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की। किसी तरह 100 नंबर डायल कर पुलिस बुलाई गई। तब कहीं, कर्मचारियों को छुड़ाया गया। चेकिंग दल ने इस मामले पर थाना प्रेमनगर में तहरीर दी है। उधर, लोगाें का कहना है कि चेकिंग दल जबरन घराें में घुस रहा था, इसका विरोध किया तो वे झगड़े पर उतारू हो गए। अभद्रता का आरोप भी लगाया है।
एसडीओ नकुल रावत और जेई डीडी पुरम उपकेंद्र जसीम अख्तर के नेतृत्व में महेंद्र कुमार गौतम, मुकेश कुमार, अनिकेत कश्यप आदि कर्मचारियों को लेकर जाटवपुरा में चेकिंग के लिए पहुंचे। काली मंदिर के पास सुभाष बाबू के घर में लगा केबिल क्षतिग्रस्त मिला। चेकिंग दल ने बताया कि इससे चोरी संभव है। इसलिए कागज दिखाने को कहा। घर वाले कनेक्शन संबंधी कोई भी कागज नहीं दिखा पाए, इसे लेकर तू- तू मैं- मैं हो गई। सुभाष के घर वालों ने अन्य लोगाें को बुला लिया और चेकिंग दल पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लाइन मैन महेंद्र कुमार, गौतम, मुकेश कुमार, अनिकेत से मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए और सरकारी अभिलेख भी छिन्न भिन्न कर दिए। इन कर्मचारियाें को मारपीट करने के साथ ही बंधक बना लिया किसी तरह जेई ने पुलिस को 100 नंबर पर जानकारी दी। पुलिस आने पर कर्मचारियों को छुड़ाया गया।
लोगाें ने थाने पर किया हंगामा
दोपहर दो बजे के बाद इलाके के लोग इकट्ठा होकर प्रेमनगर थाने में पहुंच गए। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। लोगाें का कहना था कि बिजली विभाग की टीम ने महिलाआें के साथ अभद्रता की है और कनेक्शन ठीक होने के बावजूद भी उनकी नहीं सुनी। जाटवपुरा के लोगाें ने बिजली विभाग के कर्मियों पर कई आरोप लगाए।