फिनाइल पीकर बुधवार की सुबह-सुबह आईसीयू में भर्ती हुई महिला ने डाक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो हंगामा हो गया। महिला के परिवार और मोहल्ले के लोगों ने पहुंचकर खुशलोक अस्पताल में जमकर हंगामा किया। आईसीयू में काफी देर तक भीड़ जमा होने से अन्य मरीज दहशत में आ गए।
शहर के एकता नगर निवासी एक महिला बुधवार सुबह 9.30 बजे फिनाइल पीकर खुशलोक अस्पताल में भर्ती हुई। मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कर दिया गया। पूरे दिन महिला का इलाज चला। रात 8.30 बजे महिला का भाई जब बहन को देखने आया तो उसने आईसीयू के डॉक्टर जितेंद्र वार्ष्णेंय पर चेकअप के बहाने के छेड़छाड़ की बात बताई। इस पर महिला के परिवार के लोग भड़क गए। महिला के मायके रोहिली टोला से लोगों की भीड़ के साथ अस्पताल पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। महिला के भाई के अनुसार डॉक्टर ने आईसीयू में किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया और मौका पाकर मरीज से छेड़छाड़ की। महिला ने भी भाई के आरोपों का समर्थन किया।
परिवार की सूचना पर एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ थर्ड आकाश तोमर, प्रभारी बारादरी कमरूल हसन भारी पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। अफसरों ने महिला और उसके परिवार के अलावा डाक्टर विनोद पागरानी से भी आरोपोें के बारे में पूछताछ की। परिवार के लोगों और डॉक्टर के बीच काफी देर तक आरोपों पर बहस हुई। उसी समय आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। परिवार वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। लेकिन अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज में हकीकत देखने के बाद ही गिरफ्तारी करेगी।