इज्जतनगर की डिफेंस कालोनी निवासी मनप्रीत सिंह सितारगंज की आकांक्षा आटो कंपनी में सेल्समैन थे। एमएसटी होल्डर मनप्रीत किच्छा से लालकुंआ बरेली पैसेंजर में बैठकर बरेली आ रहे थे। भोजीपुरा स्टेशन पर वह ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे प्लेटफार्म नंबर तीन से ट्रेन बरेली की ओर चली लगी तो प्लेटफार्म पर खड़े किसी लुटेरे ने उन्हें डंडा मार दिया। मनप्रीत का मोबाइल गिरा तो लुटेरा उसे उठाकर भाग निकला। मनप्रीत उसके पीछे भागने की हड़बड़ाहट में ट्रेन से गिर गए। ट्रेन से उनका एक हाथ और एक पैर कट गया। दूसरे यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी चौकी प्रभारी रामकुंवर मनप्रीत लेकर निजी मेडिकल कालेज पहुंचे। उनका नाम पता मालूम कर उनके घरवालों को खबर की। ट्रेन के मुसाफिरों ने मोबाइल लूट के बाद घटना होने की बात कही लेकिन एसआई रामकुंवर का कहना था कि चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी में हादसा हुआ है।