सुभाषनगर में नाले में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। वह रेंगकर खेलते हुए दरवाजे के बाहर से नाले में गिर गया था। घरवाले उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया।
शिव विहार निवासी नरेंद्र कुमार मोहल्ले में ही परचून की दुकान चलाते हैं। उनका डेढ़ साल का इकलौता बेटा शिवा बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे रेंगकर दरवाजे तक पहुंचा और घर के सामने नाले में जा गिरा। उसे घर में न पाकर मां माधुरी ने शोर मचाया तो घर वाले जमा हो गए। खोजबीन करने पर बच्चा नाले में पड़ा मिला। सूचना पर सुभाषनगर पुलिस भी पहुंची, लेकिन घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। एसओ सुभाषनगर जेपी यादव ने बताया कि घरवालों के पोस्टमार्टम के लिए लिखित रूप से मना कर दिया था। बच्चे के बाबा ने बताया कि नगर निगम ने नाले पर जो स्लैब डाले हैं, उनके नीचे ईंटे लगा दी हैं। जिससे स्लैब काफी उठे हुए हैं और इसी वजह से शिवा नाले में गिरा।