तांत्रिक ने बीमार महिला पर ऊपरी साया बताकर परिवार को बातों में फंसा लिया। मां का साया बेटी पर उतारकर ठीक करने की बात कही और परिवार को सर्किट हाउस के पास स्थित मजार पर बुला लिया। वहां से पिता को सामान लेने बाजार भेज दिया और बेटी को नहलाने की बात कहकर उसे भगा ले गया। लड़की के पिता ने कोतवाली में शिकायत की है।
कोतवाली पहुंचे बिथरी चैनपुर के गांव उड़ला जागीर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर बीमार रहती है। काफी इलाज के बाद भी फायदा नहीं हुआ। इसी बीच किसी ने राय दी कि दवा के साथ ऊपरी हवा का भी इलाज कराओ। इस पर करीब तीन महीने पहले वह ठिरिया निवासी अपने परिचित तांत्रिक के घर पहुंचा और अपनी समस्या बताई। तांत्रिक ने पत्नी पर हवा का चक्कर बताकर झाड़-फूंक शुरू कर दी। आरोप है कि 20 अगस्त को तांत्रिक अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और कहा कि तुम्हारी पत्नी को पूरी तरह ठीक कर दूंगा। पत्नी का साया तुम्हारी बेटी पर उतार दूंगा और फिर उसे ठीक कर दूंगा। इसके लिए दोनों को अगले दिन सर्किट हाउस के पास स्थित मजार पर लेकर आना होगा। वह दोनों को लेकर मजार पर पहुंचे तो तांत्रिक ने एक पर्चे पर कुछ सामान लिखकर दिया और बाजार से लाने भेज दिया। इसके बाद बेटी को नहलाने ले जाने के बहाने ले गया फिर नहीं लौटा। तांत्रिक के जाने के बाद उसके दोनों साथी भी वहां से गायब हो गए। ठिरिया में तांत्रिक और उसके दोस्तों के घर गए लेकिन सभी फरार मिले। शुक्रवार को इस मामले की शिकायत कोतवाली में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।