एटीएम बूथ में अंधेरा करके जालसाज ने रेलवे के एक रिटायर्ड अफसर की मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर 1.17 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसकी रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने ठग की पहचान के लिए बैंक से एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी है। नैनीताल रोड पर भारत पेट्रोल पंप के पास रहने वाली अनुराधा दुबे ने बताया कि उनके ससुर रमेश चंद्र रेलवे से रिटायर्ड हैं। रविवार शाम 7:30 बजे वह नंदन वन गेट के पास एक एटीएम से रुपये निकालने गए थे। एटीएम बूथ में अंधेरा होने पर उन्होंने वहां पहले से मौजूद युवक से मदद करने को कहा। मदद के बहाने युवक ने युवक ने उनका कार्ड बदल लिया और फिर एटीएम में तकनीकी खराबी बताकर रुपये न निकलने की बात कही। इस पर रमेश चंद्र घर लौट आए। बाद में पता चला कि उनके खाते से 1.17 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। इज्जतनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।