सीबीगंज (बरेली)। क्षेत्र के गांव बंडिया में एक व्यवसायी के घर हुई बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में बुलाई गई डांसरों के साथ भाजपा नेता और पुलिसकर्मी भी पहुंचे। डांसरों के ठुमकों पर सीबीगंज थाने के एक सिपाही ने जमकर नोट लुटाए। गुरुवार को ये वीडियो वायरल हुई तो जांच के बाद एसएसपी ने सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया।
बंडिया में दो दिन पहले एक व्यवसायी के बेटे का जन्मदिन था। व्यवसायी ने पार्टी की और चार डांसर भी बुलाई थीं। भाजपा के एक पार्षद के साथ ही कुछ स्थानीय नेता भी पार्टी में शामिल थे। सीबीगंज थाने के कुछ सिपाही भी यहां पहुंचे। इनमें से लोकेश नाम के सिपाही ने स्टेज के नीचे ही डांसरों के ठुमके लगाते हुए नोट लुटाता रहा। देर रात तक डीजे बजता रहा। इसकी शिकायत भी की गई पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों में से किसी ने लोकेश की हरकतों का वीडियो बना लिया। बृहस्पतिवार को यह वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी मुनिराज जी. तक भी पहुंच गया। एसएसपी ने तत्काल सीओ सेकेंड सीमा यादव को जांच के निर्देश दिए। सीओ ने जांच कर रिपोर्ट दे दी। इसमें उल्लेख था कि सिपाही न तो ड्यूटी पर था और न ही वर्दी में। हालांकि, डांसरों पर नोट लुटाने की बात पुष्ट हो रही है जो अनुशासनहीनता के दायरे में आती है। इस वजह से सिपाही पर कार्रवाई की संस्तुति की जाती है। एसएसपी ने बताया कि सीओ की रिपोर्ट के बाद सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।