गुरुग्राम की मोबाइल कंपनी एसआरएस इंफोटेक के एमडी समेत चार लोगों के खिलाफ यहां कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि कंपनी ने देश भर में लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है।
रामपुर बाग के संचार इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि अमित अग्रवाल ने एसआरएस इंफोटेक के डायरेक्टर विक्रम आनंद, रवि जैन, संदीप और रविंद्र सेठी के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि विक्रम आनंद, रवि जैन और संदीप उनके ऑफिस में आए थे और बीएलयू मोबाइल की बरेली में डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने की बात की। सब कुछ तय होने के बाद विक्रम ने कहा कि आठ अगस्त, 2016 को कंपनी के सेल्स प्रतिनिधि रविंद्र सेठी मिलेंगे। तय तारीख पर रविंद्र मिलने आए। इसके बाद अमित ने एग्रीमेंट तैयार करके कंपनी को भेजा मगर वहां से करार के बाद वापस नहीं आया। इसी बीच उन्होंने कंपनी के खाते में पांच लाख रुपये जमा कर दिए। 18 जुलाई, 2016 को भी 27 लाख रुपये भेजे। इसके बाद बार-बार कहने पर कंपनी ने आउटडेटेड मोबाइल सेट भेज दिए। अमित ने यह सारे कंपनी को वापस भेज दिए लेकिन कंपनी ने रुपये नहीं लौटाए। कंपनी के कार्यालय पहुंचने पर संदीप ने रिवाल्वर दिखाकर धमकाया। इसके बाद गुरुग्राम से कंपनी ऑफिस बंद कर गायब हो गई। अमित का कहना है कि आरोपियों ने देश में कई और लोगों से भी करोड़ों रुपये ठगे हैं।