बरेली। बड़े घरों के बेटे नशे की खातिर मारपीट और लूट जैसे अपराध कर रहे हैं। बीती रात जंक्शन रोड पर होटल मालिक के बेटे और कर्मचारी ने एक इंटरनेट कैफे कर्मचारी को पीटकर लूट लिया। पुलिस ने लूटा मोबाइल बरामद कर आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के परिवारवाले सेटिंग कर उन्हें छुड़ाने में लगे हैं।
प्रेमनगर के धोबी चौराहा निवासी विपिन सक्सेना ने सुभाषनगर थाना पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब बारह बजे वह खाना खाने जंक्शन रोड के एक होटल में गए थे। वहां दो युवकों ने पकड़कर पहले उनसे शराब पीने को पैसे मांगे, फिर पीटने लगे। जेब से 26 सौ रुपये और मोबाइल लूट लिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंच सुभाषनगर चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने पड़ोस के होटल से दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से विपिन का मोबाइल भी मिला। पुलिस दोनों को थाने ले आई। यहां आरोपियों ने बताया कि विपिन के पास एक किन्नर को खड़ा देखकर उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है। उसे धमकाकर उगाही की कोशिश की पर दांव उल्टा पड़ गया। होटल मालिक की पत्नी बेटे को छुड़ाने आईं। उन्होंने कहा कि बेटा सातवीं के बाद नहीं पढ़ा और गलत लड़कों की संगत में पड़ गया। इस बार उसे माफ कर दें तो भविष्य में गलती नहीं करेगा। एसआई गजेंद्र सिंह ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।