बरेली। बारादरी पुलिस ने फरीदपुर से चोरी लेडीज सूट बरामद कर एक आरोपी को जेल भेजा है, जबकि एक भागने में कामयाब रहा। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ।
एसआई रविंद्र सिंह के मुताबिक सोमवार देर रात वह कांस्टेबल रविंद्र राठी और अंकित चौधरी के साथ सेटेलाइट बस स्टैंड पर चेकिंग कर रहे थे। नकटिया की ओर से आए ऑटो से दो युवक उतरे, उनके हाथ में एक बोरा था। शक होने पर रोका तो एक युवक भाग निकला। दूसरे युवक की तलाशी लेने पर उसके पास तमंचा और कारतूस बरामद हुए। बोरा खोलकर देखा तो उसमें 24 लेडीज सूट थे। पकड़े गए युवक नईम निवासी जगतपुर ने बताया कि 28 नवंबर को उसने सलमान के साथ फरीदपुर में एक व्यापारी के घर से यह सूट चोरी किए थे। जिन्हें बेचने जा रहे थे। इंस्पेक्टर बारादरी केवी सिंह ने बताया कि नईम को जेल भेज दिया है। सलमान की तलाश की जा रही है।