आंवला। आरपीएफ कमांडेंट ने तेल के खेल में आरपीएफ चौकी पर तैनात दरोगा विनोद कुमार शर्मा और आरक्षी रवि कुमार को निलंबित कर दिया है।
29 दिसंबर की रात को रेलवे स्टेशन पर खड़ी तेल की रेक से तेल चोरी करते नगरिया सतन के सोनू सिंह को सिविल पुलिस की मदद से रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। चार भरी केन और दो दर्जन से अधिक खाली केन झाड़ियों में से बरामद की गई थीं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताये। दरोगा की ओर से छह लोगों के खिलाफ नामजद कोतवाली में दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे की एसआईबी और सीआईबी की टीम के अलावा मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना करने के बाद अधीनस्थों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। वहीं मामले की जांच कर रहे दरोगा प्रवेंद्र सिंह ने इस खेल में आरपीएफ के अलावा रेलवे कर्मचारियों और स्टेशन पर तैनात एक अधिकारी की भूमिका को संदिग्ध मानी थी। कमांडेंट संदीप रविवंशी ने बताया दरोगा विनोद शर्मा और आरक्षी रवि कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन कर दिया है।