बरेली। एक छात्रा के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर उसके रिश्तेदारों और दोस्तों को अश्लील मेसेज भेजने का मामला सामने आया है। छात्रा के मुताबिक, उसके व्हाट्सएप अकाउंट पर लगी उसकी डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) को कॉपी कर फेसबुक पर लगाया गया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेमनगर इलाके की सत्रह वर्षीय छात्रा बैंक पीओ और कंप्यूटर डिप्लोमा कोर्स के लिए कोचिंग जाती है। छात्रा के मुताबिक, कुछ दिनों से रिश्तेदारों और दोस्तों को उसके नाम से बने फेसबुक खाते से अश्लील मेसेज भेजे जा रहे हैं, जबकि वह फेसबुक का इस्तेमाल ही नहीं करती है। रिश्तेदारों की तीखी प्रतिक्रिया के बाद छात्रा ने परिवार में इसका खुलासा किया। रविवार को छात्रा ने हेल्पलाइन 1090 पर सोशल साइट के जरिये अपनी छवि खराब करने की कोशिश की शिकायत की। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी। साइबर सेल फर्जी खाता ब्लॉक कराने की कोशिश कर रही है।
फर्जी आईडी बनाने वाला देने लगा धमकी
छात्रा ने बताया कि इस घटना के बाद उसने अपना वास्तविक फेसबुक खाता बनाया तो इनबॉक्स में फर्जी आईडी से धमकी भरे मेसेज आने लगे। इनमें उसे कोचिंग आने पर देख लेने की धमकी दी गई है। इससे छात्रा दहशत में है और उसने कोचिंग जाना बंद कर दिया है।