फोटो ---
आधी रात को रोडवेज पर युवती चिल्लाई, मैं बस के नीचे आकर मर जाउंगी
- पिता ने होने वाले दामाद के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खत्रीयान में एक यादव परिवार में मारपीट होने के बाद एक युवती चीखती हुई रोडवेज पर आ गई। युवती चिल्ला रही थी कि मैं बस के नीचे आकर जान दे दूंगी। रोडवेज पर यात्री मौजूद थे, लेकिन बदहवास युवती को संभालने की हिम्मत नहीं जुटा सके। शोर शराबा के बाद यूपी 100 गाड़ी रोडवेज पर पहुंची और युवती को कोतवाली लेकर आई। पूछताछ में सामने आया कि युवती की शादी अंशु यादव से तय हुई थी। बृहस्पतिवार रात को युवती के पिता ने अंशु को बुलाया, यहां दोनों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर में मारपीट शुरू हो गई। अंशु एक मंजिला मकान से नीचे गिर पड़ा। आरोप है कि उसको फेंक दिया गया। जिसके बाद युवती भागते हुए सड़क पर आ गई और मदद मांगने लगी। कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि युवती के पिता ने अंशु यादव के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है।