पीलीभीत हाईवे पर नवाबगंज के पास कार सवार बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी की कार पर गोलियां चलाकर हमला किया। व्यापारी को लूटने की कोशिश में बदमाश कामयाब नहीं हो सके। पुलिस को व्यापारी की कार पर दो गोलियों के निशान मिले हैं। नवाबगंज थाने में शुक्रवार को व्यापारी पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
सिंधु नगर स्थित मकान संख्या 47 में कपड़ा व्यापारी लक्ष्मण दास रहते हैं। उनकी कुमार टाकिज के पास कपड़ों की दुकान है। वह कलेक्शन के लिए पीलीभीत अपने साथी व्यापारी सुभाष चंद्र के साथ कार से गए थे। कार उनका ड्राइवर राम नाथ लगा रहा था। पीलीभीत से करीब डेढ़ लाख रुपयों का कलेक्शन करने के बाद वह कार से लौट रहे थे। नवाबगंज की सीमा में प्रवेश के साथ ही एक कार सवार चार बदमाशों ने उन्हें कार रोकने का इशारा किया। अंधेरी सड़क होने की वजह से लक्ष्मण दास ने ड्राइवर को कार दौड़ाने के लिए कहा।
व्यापारी ने बताया कि कार नहीं रोकने पर बदमाशों ने कार पर फायर कर दिये। दो गोलियां उनकी कार पर लगी। बदमाशों के निशाने पर कार के टायर थे। जिसके बाद झटके से उनकी कार रूक गई। बदमाशों ने रुपया लूट की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने कार को फिर दौड़ा दिया, जिससे लूट नहीं हो सकी। व्यापारी कार को दौड़ाते हुए सीधे नवाबगंज थाने पहुंचे और बदमाशों द्वारा पीछा करने और जानलेवा हमले की तहरीर सौंप दी।
अस्पताल में व्यापारी का चल रहा इलाज
व्यापारी के पैर में चोट लगी है। उन्हें इलाज के लिए गंगाचरण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका इलाज करवाया जा रहा है। नवाबगंज के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा लिखा गया है। कार पर दो गोलियों के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।