बरेली। पूर्वांचल के माफिया अतीक अहमद को बरेली जेल में रखने के साइड इफैक्ट सामने आने लगे हैं। पीलीभीत बाईपास पर यूनिवर्सिटी के पास एक ऑटो शोरूम के मैनेजर को अतीक के नाम पर धमकाकर दिनदहाड़े पांच बाइक लूट ली गईं। शोरूम मैनेजर की ओर से इस वारदात की एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को पुलिस ने क्योलड़िया के शोरूम एडी हिंदुस्तान ऑटो पर छापा मारा तो पांचों बाइक बरामद हो गईं। शोरूम के मालिक सद्दाम हुसैन उर्फ डंपी और उसके भाई रानू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
टीवीएस बाइक के शोरूम प्राइड सेल्स पर पांच बाइक की लूट की यह घटना सात जनवरी को हुई थी। शोरूम मैनेजर सुशांत कुमार की ओर से उसी दिन थाना बारादरी में इसकी एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सुशांत कुमार के मुताबिक उनके शोरूम पर शाम करीब छह बजे क्योलड़िया (नवाबगंज) के एडी हिंदुस्तान ऑटो शोरूम का मालिक सद्दाम हुसैन उर्फ डंपी सात-आठ लोगों केसाथ पहुंचा। इन लोगों के साथ एक टाटा मैजिक लोडर भी था। सद्दाम और उसके साथ आए लोगों ने उनके शोरूम पर 25 बाइक पसंद कीं। उन्हें बताया कि टाटा मैजिक से वे पांच-पांच बाइक ले जाएंगे। सुशांत के मुताबिक उन्होंने सद्दाम से गाड़ियों का पेमेंट करने को कहा तो सद्दाम बोला कि वे लोग पहले भी उनके शोरूम से गाड़ियां ले जा चुके हैं। गाड़ियां टाटा मैजिक पर लोड होती रहेंगी, इस बीच वह उन्हें पेमेंट कर देगा।
शोरूम मैनेजर के मुताबिक उन्होंने सद्दाम की बात पर यकीन करके टाटा मैजिक पर बाइक लोड करने को कह दिया। पांच बाइक लोड होने के बाद उन्होंने जैसे ही पेमेंट के लिए सद्दाम को कागज दिए, उसने और उसके साथ आए लोगों ने शोरूम के अंदर आकर शोरशराबा करते हुए धमकियां देनी शुरू कर दीं। हंगामे के दौरान ही सद्दाम के इशारा करने पर कुछ लोग टाटा मैजिक पर सवार हो गए और उसमें लोड पांचों बाइक लेकर वहां से निकल भागे। इसके बाद सद्दाम भी उनसे यह कहते हुए अपनी महेंद्रा में सवार होकर चला गया कि अतीक अहमद के बारे में जानते हो, उनसे मेरे काफी नजदीकी संबंध है, मुझसे एक पैसा भी नहीं वसूल पाओगे। सुशांत की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद शुक्रवार रात पुलिस ने क्योलड़ियां में सद्दाम के शोरूम एडी हिंदुस्तान ऑटो पर दबिश दी तो वहां प्राइड सेल्स से लूटी गई पांचों बाइक बरामद हो गईं। इंस्पेक्टर बारादरी केवी सिंह के मुताबिक इसके बाद सद्दाम, उसके भाई रानू और एक नाबालिग लड़के समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
अतीक का नाम सुनकर पुलिस तीन दिन तक बनाती रही रणनीति
प्राइड सेल्स से पांच बाइक की लूट सात जनवरी को होने के बाद इसी दिन शोरूम मैनेजर की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसके बावजूद तीन दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की। बताया जाता है कि माफिया अतीक अहमद का नाम सामने आने के बाद पुलिस इस मामले में पहले अफसरों से निर्देश मिलने का इंतजार करती रही। सात जनवरी को ही चूंकि पुलिस की कथित मुठभेड़ में संभल के कपिल और गाजियाबाद के अशोक मारे गए थे, लिहाजा अफसर मुठभेड़ की चूल से चूल मिलाने में व्यस्त थे। यही वजह रही कि पुलिस इस मामले में तीन दिन बाद कार्रवाई कर पाई।