नशा देकर दुष्कर्म किया, क्लिपिंग बनाई
पीड़िता ने एसपी देहात से रिपोर्ट दर्ज कराने की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
छात्रा को उसका प्रेमी बात करने के बहाने कमरे पर ले गया और फिर नशा देकर दुष्कर्म किया। उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। बाद में क्लिप वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने एसपी देहात को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है। नवाबगंज क्षेत्र की पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि कॉलेज आने-जाने के दौरान दियोरिया क्षेत्र के गांव सेड़ा निवासी छात्र ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। 16 अक्तूबर 2017 को प्रेमी और उसका दोस्त उसे नवाबगंज स्थित अपने कमरे पर ले गए। वहां चाय में नशा देकर दुष्कर्म किया। होश आने पर वीडियो क्लिप दिखाकर मुंह बंद रखने को कहा। इसके बाद आरोपी उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है। एसपी देहात ने नवाबगंज पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।