अमरिया (पीलीभीत)। बरेली के बारादरी के मोहल्ला सूफी टोला निवासी प्रॉपर्टी डीलर शहनवाज बृहस्पतिवार रात अपनी डस्टर गाड़ी से सितारगंज जा रहे थे। साथ में उनके पार्टनर अरशद खां, मालियों की पुलिया निवासी इमरान और जगतपुर के फैसल थे। रात 10 बजे बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर अमरिया थाना क्षेत्र के भौनी चौराहे के पास कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। कार से लपटें निकलने लगीं। वायरिंग जलने से गाड़ी के गेट लॉक हो गए, जिससे चारों लोग कार के अंदर फंस गए। वे कार सड़क किनारे रोककर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। उसी वक्त अमरिया थानाध्यक्ष मनीराम सिंह यहां से गुजर रहे थे। उन्होंने गेट खोलने की कोशिश की। गेट नहीं खुले तो शीशे तोड़कर चारों को बाहर निकाला। कुछ देर में कार आग का गोला बन गई। अमरिया फायर स्टेशन से दमकल पहुंची, लेकिन उसमें पानी नहीं था। न ही आसपास पानी की कोई व्यवस्था थी। पीलीभीत से फायरब्रिगेड बुलाई गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल गई। थानाध्यक्ष अमरिया मनीराम सिंह ने बताया कि गाड़ी इमरान की थी और वही चला रहे थे। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।