बरेली। मंगलवार सुबह कोहरे की वजह से शहर से देहात तक कई स्थानों पर सड़क हादसों में एक की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए।
चौपुला चौराहे से डेलापीर की ओर जा रहा टेंपो कुतुबखाना के पास सड़क किनारे खड़े कैंटर में घुस गया। इनमें बैठे नेकपुर गल्ला मंडी निवासी नरेश मौर्य, नंदगांव थाना मीरगंज निवासी राजू गंभीर घायल हो गए। चौकी पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर सीबीगंज में फतेहगंज पश्चिमी के टियूलिया निवासी 49 वर्षीय अशोक कुमार का परधौली गांव में क्लीनिक है। गांव में ही वह किराये पर रहते थे। मंगलवार शाम चार बजे साइकिल से घर जा रहे थे। बाड़ा बाईपास पर परघौली गांव के पास पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ड्राइवर डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
हफिजगंज में बरेली से नवाबगंज जा रही 108 एंबुलेंस तेज रफ्तार डीसीएम से भिड़ गई। जोरदार टक्कर से दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। ड्राइवर केबिन में फंस गए। आसपास के लोगों ने उन्हें निकालकर अस्पताल भेजा।
बीसलपुर रोड पर बरेली से भुता प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाने जा रही शिक्षिकाओं की वैन कमुआ पुल के पास कोहरे में नीलगाय से टकरा गई। इसमें सवार शिक्षिका प्रियंका, मनीषा तोमर, रोली देवी, राजवती आदि को हल्की चोटें आईं। उधर रसूलपुर के प्राथमिक विद्यालय से शिक्षक दंपति जितेंद्र कुमार पत्नी सोमलता के साथ अपनी कार से घर बरेली लौट रहे थे। भुता-बरेली मार्ग पर ग्लोबल स्कूल के पास कार असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। सोमलता गंभीर घायल हो गईं।