बरेली। स्कूटी की बुकिंग के लिए एडवांस पेमेंट ऑनलाइन करने के बहाने एक शोरूम मैनेजर से हजारों रुपये ठग लिए। मैनेजर के मुताबिक पेमेंट के लिए गलत लिंक भेजकर ठग ने खाते से रुपये निकाले। एसएसपी के आदेश पर अज्ञात ठग के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बारादरी क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास स्थित टीवीएस प्राइड शोरूम पर सुशांत सिंह मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल की सुबह उनके पास गाड़ी की खरीद और भुगतान से संबंधित जानकारी के लिए एक कस्टमर का फोन आया। सौदा होने के बाद कस्टमर ने बुकिंग के लिए 30 हजार रुपये एडवांस ऑनलाइन गूगल पे के माध्यम से भेजने के लिए सुशांत से खाते की जानकारी मांगी। सुशांत के मुताबिक कस्टमर को डीटेल भेजने के बाद उनके फोन पर 21 हजार रुपये का एक लिंक आया। जिसे उन्होंने ठग के कहने पर एप्रूव कर दिया। आरोप है कि व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से 21 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोबारा ठग ने 11 हजार रुपये का लिंक भेजा जिसे सुशांत ने कैंसिल कर दिया।