बरेली। आरपीएफ ने लालकुआं पैसेंजर रुकवाने वाले जुआरियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से इज्जतनगर मंडल में हड़कंप मचा हुआ है। डीआरएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार को सिटी स्टेशन के आरपीएफ इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार चौधरी तालाब रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे। उन्होंने गेट के आसपास टहल रहे लोगों से पूछताछ की, लेकिन जुआरी कहां के थे पता नहीं चल सका है। इसके अलावा ट्रेन के गार्ड सिटी स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक महेश कुमार और इज्जतनगर के स्टेशन अधीक्षक अभय कुमार के बयान लिए, लेकिन जुआरियों का अब तक कोई पता नहीं चला सका है।
सूत्रों का कहना है कि आरपीएफ के जवान सादी वर्दी में क्रॉसिंग के आसपास तैनात हो गए हैं। जल्द ही जुआरी गिरफ्तार होंगे। लालकुआं पैसेंजर रुकवाने की घटना से इज्जतनगर मंडल में हड़कंप मचा हुआ है। डीआरएम डीके सिंह ने आरपीएफ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि चुनाव वाले दिन मंगलवार को पांच जुआरियों ने 50 हजार रुपये की शर्त लगाकर सिटी स्टेशन से लालकुआं जा रही पैसेंजर ट्रेन को रोक लिया था। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका था, उनकी जुआरियों से बहस भी हुई। मामला बढ़ने पर पांचों युवकों को थाना किला की गढ़ी चौकी पुलिस को सौंप दिया, आरोप है कि पुलिस ने रुपये लेकर सभी जुआरियों को छोड़ दिया था।