बरेली। शील चौराहे पर सोमवार शाम स्कूटी सवार छात्रा और उसके भाई को पीटने वाला फतेहगढ़ जेल में तैनात एचसीपी का बेटा बताया जा रहा है। अब पुलिस गिरफ्तारी के बजाय समझौता कराने की कोशिश में हैं। इसके चलते उसके पिता को बुलाया गया है। घटना से आहत छात्रा के शिक्षक पिता बुधवार को एसएसपी से मिल सकते हैं।
सोमवार शाम छेड़छाड़ के विरोध पर बेसिक शिक्षक की बेटी और बेटे से एक शोहदे ने शील चौराहे पर मारपीट की थी। इससे छात्रा बेहोश हो गई थी। एक एनजीओ संचालिका ने पीड़ितों की मदद कर आरोपी को खदेड़ा। मौके से मिली बाइक के आधार पर पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि आरोपी जनकपुरी का निवासी है और फतेहगढ़ जेल में तैनात एचसीपी का बेटा है। छात्रा के पिता ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बजाय उसके पिता को बुलवाया है। पुलिस इस कोशिश में है कि समझौता हो जाए, लेकिन वह हर हाल में कार्रवाई कराएंगे।
हमने एनसीआर दर्ज करके शिक्षक से कहा था कि वह बच्चों का मेडिकल परीक्षण करा लें तो मामले को एफआईआर में बदल दिया जाएगा। वह लौटकर नहीं आए। आरोपी के घर दबिश दी गई, पर वह फरार हो गया। - बलवीर सिंह बग्गा, प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर