मंगलवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश से चौपुला चौराहा से किला पुल के बीच खस्ताहाल सड़क पर जलभराव से जाम लग गया। यहां सड़क पर घुटनों तक पानी भरा हुआ था। पानी में छिपे गहरे गड्ढों में फंसकर कई आटो और कारें बंद हो गईं। इससे हालात और ज्यादा खराब हो गए, लेकिन यातायात पुलिस तमाशबीन बनी रही। जाम में फंसे लोग झुंझलाते रहे और सिस्टम को कोसते रहे।
किला पुल से चौपुला की तरफ आने वाली सड़क की पटरी पूरी तरह उखड़ चुकी है। करीब एक घंटे की बारिश में यहां इस कदर जलभराव हो गया कि उसमें फंसकर कारें, बाइक और ऑटो बंद होने लगे। सिटी स्टेशन के सामने से दूल्हे मियां की मजार तक कई जगह घुटनों तक पानी भर गया। चौपुला से किला पुल तक ही नहीं, जलभराव से शहर के और भी कई हिस्सों में लोग जाम से जूझते रहे। किला पुल के नीचे भी करीब तीन घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। बड़ा बाजार से कुतुबखाना तक भी भीषण जाम रहा। कुतुबखाना से कोहाड़ापीर और श्यामगंज चौराहा पर भी जाम के चलते लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ट्रैफिक मैनेजमेंट फेल
यातायात पुलिस का ट्रैफिक मैनेजमेंट पूरी तरह फेल नजर आया। चंद होमगार्ड के बलबूते जाम खुलवाने की कोशिशें होती रहीं। पूरे रूट पर पुलिस कहीं नहीं दिखी। यातायात पुलिस के भी चंद सिपाही ही मौके पर थे, जबकि बेकाबू हो चुके जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सक्रिय होना चाहिए था।
इन मार्गों पर रहा जाम
- चौपुला से किला पुल तक।
- धर्मकांटा चौराहा।
- बड़ा बाजार से कुतुबखाना मार्ग।
- कुतुबखाना से कोहाड़ापीर रोड।
- श्यामगंज चौराहा