बरेली। मकान के विवाद को लेकर विधवा ने रंगदारी, बेटी से छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इज्जतनगर पुलिस ने यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर की है। इज्जतनगर क्षेत्र निवासी विधवा के मुताबिक उसने 16 जनवरी 1989 को मकान खरीदा था और तब से वहीं रहती है। देखभाल के लिए तलाकशुदा बेटी भी साथ रहती है। आरोप है कि पांच मई की रात करीब 10:30 बजे महलऊ निवासी जफरुद्दीन, अलाउद्दीन, जलालुद्दीन और दो अन्य उनके घर में घुस आए। घर खाली करने की धमकी देकर पांच लाख की रंगदारी मांगी और गलत नीयत से बेटी का हाथ पकड़कर कमरे में खींचने लगे। शोरशराबे पर अन्य लोग आए तो आरोपी धमकी देकर भाग निकले। शिकायत पर थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने एसएसपी से मामले की शिकायत की।