हेडिंग--नाच गा नहीं सकती थी, इसलिए युवती को किया वापस
महिला ने हिजड़े के साथी से किया था 40 हजार में सौदा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। जंक्शन से युवती को अगवा करने के बाद महिला ने हिजड़े के साथी से उसका 40 हजार रुपये में सौदा किया था। दो हजार रुपये एडवांस लिए थे। खरीदारों को जब युवती के मानसिक रूप से कमजोर होने का पता चला तो उन्होंने यह कहकर सौदा रद्द कर दिया कि जब नाच गा नहीं सकेगी तो उसे खरीदकर क्या करेंगे। इसके बाद युवती को फतेहगंज पश्चिमी में छोड़ दिया गया। जीआरपी की पूछताछ में महिला ने यह खुलासा किया। जीआरपी ने महिला की निशानदेही पर उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि युवती का सौदा करने वाला हिजड़ा अब तक जीआरपी के हाथ नहीं आया है। जीआरपी ने महिला और उसके दोनों साथियों को जेल भेज दिया है। एसपी रेलवे ने लड़कियों को अगवा कर हिजड़ों को बेचने वाले गैंग खुलासा करने पर जीआरपी टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जीआरपी ने रविवार को सिरौली थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया की रेखा महिला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि वह लड़कियों को अगवा कर उन्हें हिजड़ों को बेचने वाले गिरोह से जुड़ी है। रेखा ने बताया कि 22 जनवरी को वह अपने साथी फरमान निवासी चंदौसी (संभल) के साथ जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी थी, तभी कटघर, मुरादाबाद के एक रिटायर्ड शिक्षक उसके पास आए और अपनी बेटी को उसकी निगरानी में छोड़कर इंक्वायरी पर ट्रेन के बारे में जानकारी करने चले गए। उनके जाते ही फरमान ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया पूरनमल निवासी अपने दोस्त अच्छे को फोन करके बुला लिया। अच्छे चूंकि एक हिजड़े के साथ ही रहता है सो वही अगवा लड़कियों का सौदा कराता था।
जीआरपी के मुताबिक, रेखा जंक्शन से फरमान और अच्छे के साथ युवती को लेकर निकल गई। रात में चारों साथ रहे। अगले दिन रेखा ने अच्छे के जरिये 40 हजार रुपये में युवती का हिजड़े से सौदा कर दिया और दो हजार रुपये एडवांस ले लिए। बाद में जब यह पता चला कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है, तो खरीददारों ने सौदा रद्द कर दिया। उनका कहना था कि जब युवती नाच-गा नहीं सकेगी तो वह उसे खरीदकर क्या करेंगे। इसके बाद तीनों ने उसे फतेहगंज पश्चिमी में छोड़ दिया। युवती के पिता ने जीआरपी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी, इसलिए फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने युवती को बरामद करने के बाद उसे जीआरपी के हवाले कर दिया। युवती के मिलने पर जीआरपी ने उसके पिता को बुला लिया और युवती को उनके सुपुर्द कर दिया। जीआरपी इंसपेक्टर विजय कुमार ने बताया कि रेखा की निशानदेही पर सोमवार को अच्छे और फरमान को जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी युवती का सौदा करने वाले हिजड़े की तलाश में जुटी है।