बरेली। इज्जतनगर थाने में संपत्ति विवाद के एक मामले में रामपुर में तैनात दरोगा को भी नामजद कराया गया है। आरोप है कि कोर्ट से स्टे के बाद भी दरोगा ने अपने कारिंदों को भेजकर प्लॉट पर कब्जा करा दिया। वे पहले भी इस तरह की कोशिश कर चुके हैं। शाहबाद मोहल्ला निवासी योगेंद्र सक्सेना ने रामपुर में तैनात दरोगा विनोद कुमार मिश्रा, उनके कारिंदे सुमित सक्सेना और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। बताया कि विष्णुधाम कॉलोनी में उनका प्लॉट है। उन्होंने इसकी बाउंड्री बनाकर गेट लगवाया है। गेट में ताला भी डाल रखा है। इसे लेकर सिविल कोर्ट में एक केस चल रहा है। कोर्ट ने यथास्थिति रखने का आदेश भी कर रखा है। दूसरी ओर से शामिल प्रतिवादियों में विनोद मिश्रा भी हैं। वे अक्सर उनके प्लॉट पर कब्जा करने की नियत से अपने कारिंदों को भेजते हैं। दो दिन पहले उनके कारिंदे सुमित ने छह अन्य लोगों के साथ आकर प्लॉट के गेट का ताला तोड़कर काफी सामान चोरी कर लिया। जब वे पहुंचे तो इन लोगों ने कहा कि तुमने जो दरोगा जी पर इज्जतनगर थाने में पहले केस करा रखा है, उसमें फैसला कर लो वर्ना दरोगा जी तुम्हें फर्जी मुकदमा कराकर जेल में सड़ा देंगे। इंस्पेक्टर इज्जतनगर मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।