शाहजहांपुर। चौक कोतवाली के मोहल्ला वर्कजई में चोरों ने अधिवक्ता के बंद मकान का ताला तोड़ दिया। यहां से लगभग सात लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। वह अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। मामले की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली चौक इलाके के क्षेत्र के मोहल्ला वर्कजई निवासी अधिवक्ता विनोद शुक्ला शनिवार रात को अपने परिवार के साथ मोहल्ले में ही एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। रात्रि के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने अधिवक्ता विनोद शुक्ला के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए। देर रात जब अधिवक्ता विनोद शुक्ला परिवार समेत लौट कर घर आए ,तो उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा देखा। अंदर गए तो अलमारी खुली हुई थी और जेवर गायब थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी की। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की सुरागरसी की जा रही है।