बरेली/आंवला। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई डॉ. मानसिंह के कॉलेज गौरी शंकर इंटर कॉलेज गुलड़िया आंवला की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं लूटने की कोशिश हुई। मामूली कहासुनी पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कॉपी के बंडल उठाने की कोशिश की। विरोध करने पर बंडल फेंक दिए। इससे कुछ बंडल फट भी गए। हालांकि कॉपियां सुरक्षित थी। केंद्र व्यवस्थापक ने चार को नामजद करते हुए 9 आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं परीक्षा नियंत्रक ने घटना की सूचना आंवला एसडीएम को दी। एसडीएम मौके पर पहुंचे। देर शाम कॉपियां पुलिस की निगरानी में जीआईसी स्थित संकलन केंद्र पहुंचाई गईं।
गौरी शंकर इंटर कॉलेज सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई डॉ. मान सिंह का है। गुरुवार शाम की पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा के बाद केंद्र व्यवस्थापक हरिओम मिश्रा कॉलेज की मेजिक से कॉपियां बरेली संकलन केंद्र ला रहे थे। उनके साथ गुलडिया उपराला के नेकराम, अनवा के महेश कुमार अध्यापक भी थे। शाम करीब सवा छह बजे अलीगंज तिराहे पर अलीगंज के राजेंद्र सिंह यादव पांडी के हुकुम सिंह, गैनी के इरशाद, जीवन सिंह ने अपने पांच साथियों के साथ मामूली विवाद पर कॉलेज के वाहन चालक कमल वर्मा के साथ मारपीट करने गले। बाद में केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षकों से भी मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कॉपी के बंडल लूटने की कोशिश की। छीनाझपटी में कॉपी के बंडल फट भी गए। हालांकि कोई कॉपी नहीं फटी। केंद्र व्यवस्थापक ने इसकी सूचना मानसिक को दी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अवनीश यादव को भी अवगत कराया। मानसिंह, मंडल अध्यक्ष गंगा सिंह लौधी व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ केंद्र व्यवस्थापक को लेकर थाने पहुंचे। वहीं एसडीएम को भी परीक्षा नियंत्रक से सूचना मिली। वह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। कॉपियां लूटने, दो हजार रुपये और चेन छीनने का आरोप लगाया है।
तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-विशाल प्रताप सिंह, एसओ
घटना की सूचना मिली थी। एसडीएम को सूचित कर मामला दिखवाया गया। जानकारी मिली है कि उनका आपसी विवाद था। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में कॉपियां संकलन केंद्र पहुंच गई हैं।
-डॉ. अवनीश यादव, परीक्षा नियंत्रक