बरेली। लोकसभा चुनाव में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पैरामिलेट्री फोर्स शहर का जायजा लेने पहुंची है। थाना क्षेत्रों में पैदल मार्च के साथ ही लोकसभा चुनाव में सुरक्षा के लिहाज से भौगोलिक स्थिति, कहां कितनी सुरक्षा, संवेदनशीलता के बाबत रिपोर्ट तैयार करेगी। अधिकारियों के मुताबिक आरएएफ बल एक-एक करके शहर के सभी थानों में भ्रमण रहेगा। सोमवार को कोतवाली क्षेत्र में समय बिताने के साथ ही मुख्य बाजार कुतुबखाना से सिविल लाइंस तक पैदल मार्च किया गया। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में आरएएफ के अधिकारियों ने भ्रमण करके नक्शा भी तैयार किया है। मंगलवार को किला और बुधवार को प्रेमनगर क्षेत्र में आरएएफ जायजा लेगी। बता दें कि चुनाव को लेकर सरगर्मी शुरू हो चुकी है। राजनैतिक उथल पुथल के साथ ही पुलिस महकमा भी अपनी तैयारियाें में जुटा है।