बरेली।
लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर गाड़ी नंबर 13009 हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को नगरिया सादात स्टेशन पर एक घंटे के लिए रोक दिया गया। इस दौरान अप और डाउन लाइन पर आठ गाड़ियों को निकाला गया। करीब एक घंटे ट्रेन रुके रहने से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने जमकर हंगामा करते हुए स्टेशन मास्टर को खरीखोटी सुनाईं। हावड़ा से चलकर देहरादून जा रही गाड़ी नंबर 13009 को मंगलवार रात नगरिया सादात में अचानक रोक दिया गया। यह ट्रेन साइड लाइन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही। अप और डाउन लाइन से चार गाड़ियों को निकाला गया। यह देख यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों का कहना था कि हावड़ा देहरादून ट्रेन भी एक्सप्रेस है। इसके बावजूद इसे रोककर अन्य ट्रेनें क्यों निकाली जा रही हैं, जबकि किराया सबका बराबर का ही है। ट्रेन में कोई सुरक्षा कर्मी न होने पर भी यात्रियों ने गहरी नाराजगी जताई। स्टेशन मास्टर का कहना था कि कंट्रोल रूम के आदेश पर ही हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस को रोककर कुछ स्पेशल ट्रेनों को निकाला गया।