होटल सीता किरण से अगवा छात्रा को बरामद करने दिल्ली पहुंची कोतवाली पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। जामियानगर में सरताज और छात्रा के होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने दबिश दी, लेकिन उससे पहले सरताज छात्रा को लेकर वहां से भाग गया।
पुलिस टीम को दबिश की सूचना ‘अपनों’ से ही लीक होने का संदेह है।
छात्रा के पिता ने बृहस्पतिवार शाम एसएसपी मुनिराज जी. से फोन पर बात करके बेटी जल्द वापस दिलाने की फरियाद की। एसएसपी ने पिता को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरताज छात्रा को लेकर रोडवेज बस से दिल्ली के जामियानगर पहुंचा था। वहां उसका दोस्त नूर मोहम्मद रहता है। नूर के घर ही सरताज छात्रा को लेकर ठहरा। सरताज लगातार छोटे भाई ताहिर के संपर्क में है। पुलिस ने सरताज की लोकेशन पता चलने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम दिल्ली रवाना की थी।
बहस्पतिवार को दबिश से पहले सरताज छात्रा को लेक र भाग गया। दबिश की सूचना पुलिस के स्तर से लीक हुई या होटल मालिक की तरफ से, इसकी छानबीन की जा रही है। हालांकि दिल्ली गई टीम को अपनों पर ही मुखबिरी करने का शक है। पुलिस अब सरताज की नई लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।
होटल मैनेजर संजय के रिश्तेदारों के घरों पर दबिश
छात्रा के भाई से होटल मालिक की बातचीत की ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद इस मामले को सेटिंग से रफा-दफा करने की होटल मालिक की कोशिश की पोल खुल चुकी है। होटल मैनेजर संजय श्रीवास्तव की गिरफ्तारी के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस ने उसके रिश्तेदारों के घर दबिश दी। पुलिस मैनेजर के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है। हालांकि छात्रा की बरामदगी के बाद कोर्ट में उसके बयानों के आधार पर ही मैनेजर के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी।
हमारी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सरताज को जल्द पकड़कर छात्रा को बरामद करा लिया जाएगा। दिल्ली गई टीम लौट आई है।
- कुलदीप कुमार, सीओ प्रथम