पेज वन के लिए -- फोटो --
पीलीभीत हाईवे पर ज्वेलरी शोरूम से दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट
कर्मचारी भविष्य निधि के ज्वाइंटर कमिश्नर की पत्नी का है शोरूम
लुटेरों ने शोरूम स्टाफ को पीटकर स्ट्रांगरूम में बंध किया
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन बदमाश भागते दिखे
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। पीलीभीत हाईवे पर टॉप कैरेट ज्वेलर्स शोरूम से दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे सफेद रंग की अपाचे बाइक से पीलीभीत की ओर भाग गए। लुटेरे ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे थे। अंदर पहुंचते ही उन्होंने स्टाफ को गन प्वाइंट पर ले लिया और फिर पिटाई करके सभी को शोरूम के स्ट्रांगरूम में बंद कर दिया। ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात की सूचना पर आईजी ध्रुवकांत ठाकुर, एसएसपी कलानिधि नैथानी सहित दो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जिले की सीमाएं सील कर चेकिंग कराई गई, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चला।
दिल्ली में कर्मचारी भविष्य निधि विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर मोहम्मद सरफराज की पत्नी शबनम खातून का पीलीभीत हाईवे पर विजय पेट्रोल पंप के पास टॉप कैरेट ज्वेलरी शोरूम है। आकाशपुरम की रहने वाली शबनम के देवर मोहम्मद यामीन इसमें पार्टनर हैं। मोहम्मद यामीन का छोटा भाई अफजाल, उनकी मां आयशा बेगम, कर्मचारी भूपेश और मिथलेश सोमवार दोपहर 12:30 बजे शोरूम में मौजूद थे। उस वक्त शोरूम का गार्ड पोप सिंह बाहर पेड़ के नीचे बैठा था। करीब 12:40 बजे सफेद अपाचे बाइक पर तीन युवक शोरूम पर पहुंचे। उनके कंधों पर बैग लटके थे। उन्होंने महिला को गिफ्ट करने के लिए अंगूठी दिखाने को कहा।
शोरूम की कर्मचारी मिथलेश अंगूठी दिखाने लगी तभी बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए। शोरूम के स्टाफ ने उनसे भिड़ने की कोशिश की तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। आयशा बेगम के चिल्लाने पर उनके सिर पर तमंचे की बट मार दी। इसके बाद सभी के मुंह पर टेप चिपकाकर उनके सुतली से हाथ बांध दिए और फिर शोरूम में जेवर रखने के लिए बने स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया और फिर शोरूम से साठ हजार रुपये की नकदी सहित लगभग एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। पौन घंटे में वारदात को अंजाम देकर लुटेरे 1:25 बजे बाइक से पीलीभीत की ओर भाग गए। शोरूम के बगल में स्थित हर्षित इंटरप्राइजेज के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों बदमाश भागते नजर आए हैं।
ज्वेलरी शोरूम में लूट करने वाले बदमाशों के बारे में जानकारी मिली है। जनपद की सीमाओं को सील करके बदमाशों की तलाश शुरू करा दी है। साइबर सेल, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस की टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी