बरेली। शराबी पति को रुपये देने से इंकार किया तो उसने पत्नी की हत्या करने की कोशिश की। उसके बेसुध होने पर जेवर और अन्य सामान लेकर भाग गया। एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र के जोगीनवादा निवासी अंजलि यादव पारिवारिक कलह के चलते पिछले कुछ समय से अलग रह रहीं हैं। बताया कि पति त्रिलोक सिंह खूब शराब पीता है। रुपयों के लिए उनके घर आकर मारपीट करता है। आरोप है कि 14 अप्रैल को पति को रुपये नहीं दिए तो उसने दुपट्टे से गला दबाकर मारने की कोशिश की। वह बेसुध हो कर गिरी तो मरा हुआ समझकर कमरे पर ताला डालकर भाग गया। कुछ समय बाद होश में आने पर शोर मचाया तो मकान मालकिन ने ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। अंजलि के मुताबिक त्रिलोक उनके बेसुध होने के बाद घर से करीब दो लाख के जेवर, मोबाइल और कुछ नकदी भी ले गया है। ब्यूरो