मोहम्मदी/शाहजहांपुर (लखीमपुर खीरी)। एक ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक खुद अवैध खनन का शिकार हो गया। खनन से गहरे हुए गड्ढे में ट्रैक्टर ट्रॉली 20-22 फुट नीचे धंसती चली गई, जिससे ट्रैक्टर चला रहा कासिम अली दब गया। जिला अस्पताल शाहजहांपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता का कहना है कि वह नदी देखने गया था, जहां बालू ढह जाने से दब गया जबकि मौके पर नदी में पड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली घटना की हकीकत बयां कर रही है।
कोतवाली मोहम्मदी के गांव मोहम्मदी सरांय निवासी इंतजार अली का 22 वर्षीय पुत्र कासिम अली ट्रैक्टर ट्रॉली चलाता है। बताते हैं कि गुरुवार की सुबह वह गोमती नदी के सेमरी घाट पर हो रहे खनन की बालू भरने गया था। दोपहर करीब दो बजेे बालू भरने के बाद वह ट्रॉली बैक कर रहा था कि नदी में ट्रैक्टर ट्रॉली धंसती चली गई, जिससे कासिम दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह कासिम को निकालकर शाहजहांपुर ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।