बरेली। बहेड़ी पुलिस ने बारातियों से लूटपाट की रिपोर्ट न लिखकर केवल मारपीट का मामला दर्ज किया। पीड़ित ने एडीजी से बहेड़ी पुलिस की शिकायत की है। देवरनिया थाना क्षेत्र के बिहारीपुर इस्तमुरार निवासी रामपाल के बेटे रवि की बहेड़ी इलाके के खुटिया गांव निवासी सोमपाल की पुत्री हेमलता से शादी तय हुई थी। बरात 13 अप्रैल 19 को गई थी। रामपाल के मुताबिक वहां बरात के दौरान सोमपाल से मनमुटाव रखने वाले बिरादरी के लोगों ने हमला कर मारपीट की और दुल्हन के जेवरों समेत संदूक लूट लिया था। उनके तहरीर देने पर बहेड़ी पुलिस ने केवल मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की। तभी से वह थाने और पुलिस अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। बुधवार को वह फिर एडीजी कार्यालय पहुंचे।