बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के गांव चनेहटी में बरसात का पानी भरने के बाद पोल से करंट उतर आया। इससे चिपककर गाय की मौत हो गई। प्रधान छोटेलाल ने सूचना दी तो जेई से उनकी काफी तकरार हुई। बाद में सप्लाई बंद कर गाय का शव हटाया गया। चनेहटी के प्रधान छोटेलाल ने बताया कि गांव में जर्जर पोल लगे हैं। इनसे आए दिन हादसे होते रहते हैं। पहले एक बच्ची की मौत हो चुकी है तो एक बच्ची का हाथ करंट से खराब हो गया था। बताया कि मंगलवार देर रात लोहे के पुराने पोल से घुमंतू गाय चिपककर मर गई। सुबह उन लोगों ने देखा तो जेई को कॉल की। जेई का कहना था कि ऐसे हादसे बरसात में होते रहते हैं। शाम तक इंतजार के बाद जब कोई नहीं आया तो उन्होंने प्राइवेट लाइनमैन बुलाकर लाइन कट करा दी और गाय को हटाकर दफना दिया गया। कहा कि जेई की कार्यप्रणाली से ग्रामीणों में रोष है।