आंवला। सर्किल के पांचों थाना क्षेत्रों के दर्जनों गांव में कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग के रूप में फल फूल रहा है। कोतवाली पुलिस ने रविवार को आसपुर गांव में छापा मारकर कच्ची शराब बेचते शिशुपाल और अनोखे लाल को दबोच लिया। क्षेत्र के रामनगर, रसूलपुर, पूरनापुर पैगा, फुप्लासी, विशारतगंज क्षेत्र के चंजरी बाल किशनपुर, अखा, ढका, भमोरा इलाके के गांव भोजपुर मिलक, मंझारा, चंदुउआ, अलीपुर, फिरोजपुर, नवदिया, अलीगंज और सिरौली थाना क्षेत्र में गंगा खादर में बसे अधिकतर गांव के ग्रामीण और जंगल में झाला बनाकर रह रहे किसानों ने अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कच्ची शराब को कुटीर उद्योग के रूप में तैयार करके क्षेत्रीय तस्करों को थोक में बिक्री करते हैं। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं है, लेकिन कतिपय कारणों के चलते वह शराब तस्करों पर हाथ डालने से परहेज करती है। सूत्रों की माने तो इस धंधे में लगे तस्करों का सूचना तंत्र इतना मजबूत है की उनकी ओर बढ़ने वाले हर कदम की जानकारी उनको समय रहते संबंधित विभाग से मिल जाती है, जिससे छापा डालने वालों के हाथ कुछ नहीं लगता। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि क्षेत्र में कच्ची शराब के धंधे में लिप्त तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, इसके खिलाफ चलाया जा रहा अभियान जारी रहेगा। ब्यूरो