फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिश्ता तोड़ना ही था तो क्यों तय की शादी

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। एसएसपी दफ्तर आईं शिकायतों में शादी तय करके रिश्ता तोड़ने के मामलों की भरमार है। तीन ऐसे ही मामलों में लड़के वालों की शिकायत की गई है। इनमें से दो मामलों में दहेज की खातिर रिश्ता तय करके तोड़ने का आरोप है। वहीं एक मामले में युवक ने अपनी मंगेतर को होटल में ले जाकर संबंध बनाए और बहाने से शादी तोड़ दी। ऐसा तब किया जब शादी के कार्ड भी छप चुके थे। यहां शिकायतें सुन रहे दिवस अधिकारी सीओ मीरगंज ने संबंधित थानों को जांच कर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन


मंगेतर ने होटल में संबंध बनाए और तोड़ दी शादी
किला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। कोई भाई या बहन नहीं है। मां पतंगें बनाकर खर्चा चलाती है। मां ने एक परिवार में उसका रिश्ता तय किया था। दिसंबर में मंगनी के दौरान उसकी मां ने काफी खर्चा किया। तीस जून को शादी की तारीख रखी गई। इस बीच मंगेतर फोन पर बात करने लगा। उसकी बहनें उसे खरीदारी के बहाने बाजार ले जाने लगीं। उसने आरोप लगाया कि फरवरी में मंगेतर उसे जिद करके शहर के अलग-अलग होटलों में ले गया और इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। अब जब शादी के कार्ड छप चुके हैं, मैरिज हॉल बुक हो गया है तो मंगेतर और उसके घरवालों ने शादी से इंकार कर दिया है। मंगेतर के घरवाले कहते हैं कि शादी करने लायक तुम्हारी हैसियत नहीं है। उसने कार्रवाई की मांग की है।

शादी की तारीख करीब आई तो सामान की लिस्ट थमाई
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले एक ग्रामीण ने सीओ को बताया कि उनकी बेटी की शादी पीलीभीत के माधोटांडा में 25 जून को होनी थी। इससे पहले सारी रस्में हो चुकी थीं जिसमें उन्होंने काफी खर्चा किया। शुरू में लड़के वालों ने दहेज की कोई बात नहीं की पर अब जब शादी के कार्ड छप गए हैं तो बाइक, सोफा, वाशिंग मशीन और अन्य चीजें मांगने लगे हैं। उन्होंने मजबूरी जताई तो रिश्ता तोड़ दिया। ग्रामीण ने इस संबंध में कड़े कदम उठाने की मांग की है।
विज्ञापन


मंगनी के बाद मांगी बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख की रकम
सीबीगंज थाने के एक गांव निवासी ग्रामीण ने बताया कि रिश्तेदार के जरिये भोजीपुरा के एक युवक से अपनी छोटी बेटी की शादी तय की थी। मंगनी आदि रस्मों के वक्त साफ कह दिया था कि जैसी बड़ी बेटी की शादी की है, वैसी ही छोटी की करेंगे। अब जब शादी की तारीख तय करने की बात आई तो बढ़ई का काम करने वाले लड़के ने धंधा बढ़ाने को एक लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी है। परेशानी बताने पर भी कुछ समझने को तैयार नहीं है। उसकी रिपोर्ट लिखी जाए।

रिश्ता तय होने के बाद शादी तोड़ने के मामले संज्ञान में आए हैं। शिकायतों को संबंधित थाना प्रभारियों को भेजा गया है। ऐसे मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई कराई जाएगी।
विज्ञापन

- आलोक कुमार अग्रहरि, सीओ मीरगंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें